बिधूना(औरैया)। थाना क्षेत्र के शहबाजपुर में अवैध खनन की सूचना देने के शक में गांव के कुछ लोगों ने एक युवक की बुरी तरह से पिटाई कर दी। आरोप है कि हमलावर लोग गेहूं बिक्री का 50 हजार रुपया व फोन लूट ले गए। घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल भेज मामले की जांच शुरू की है।
शहबाजपुर गांव के बाहर पिछले काफी दिनों से अवैध मिट्टी खनन की सूचना पुलिस को मिल रही थी। गुरुवार देर शाम बिधूना कोतवाली पुलिस अचानक गांव जा पहुंची। पुलिस को खनन होता नहीं मिला। इस पर पुलिस वहां से लौट गई। कुछ देर बाद ही खनन कराने वाले कुछ लोग एकजुट हुए और गांव के दीपू शर्मा पुत्र राजकुमार पर पुलिस की मुखबिरी का आरोप लगा मारना-पीटना शुरू कर दिया। दबंगों ने दीपू को बुरी तरह से लाठी और बेल्टों से पीट कर अधमरा कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल भेजा। घायल दीपू ने पुलिस को तहरीर देते हुए बताया कि गुरुवार को वह बाजार से गेहूं बेच कर आया था, उसकी जेब में 50 हजार रुपये पड़े थे। हमलावर लोग रुपये और मोबाइल भी लूट ले गए हैं।
दीपू ने गांव के ही गोलू, मनोज, अमन, मुन्नूलाला, कल्याण, नीरज सहित कुछ अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है। सीओ मुकेश प्रताप सिंह ने बताया कि मारपीट की घटना हुई है। मोबाइल और नगदी ले जाने के मामले की जांच की जा रही है, तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।