औरैया। कोरोना संक्रमण से जिले में बुधवार को तीन मरीजों की मौत हो गई। दोपहर बाद आई जांच रिपोर्ट में 55 नए केस मिले। जबकि इलाज करा रहे 182 मरीजों ने कोरोना संक्रमण से जंग जीती। ठीक होने वाले मरीजों की संख्या में इजाफा होने से सक्रिय केसों की संख्या अब एक हजार से नीचे आ चुकी है। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि हालात काबू में करने के प्रयास जारी हैं।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अर्चना श्रीवास्तव ने बताया कि बुधवार को जिले में 55 नए संक्रमित मरीज मिले हैं। जिसके चलते जिले में अब कुल संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 9942 जा पहुंचा है। जबकि कोरोना संक्रमित 182 मरीजों ने कोरोना से जंग जीती। अब ठीक होने वाले मरीजों की संख्या 8858 हो गई है। इधर, कोरोना संक्रमित तीन मरीजों की सैफई अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हुई है। जिसके चलते जिले में कोरोना संक्रमण की चपेट में आने से मरने वालों की संख्या अब 152 हो गई है। अब कुल एक्टिव केस 935 रह गए हैं।
जनपद में सक्रिय हॉटस्पॉट क्षेत्रों की संख्या 200 रह गई है। कोरोना संक्रमित 1001 मरीज होम आइसोलेशन में है। चिचौली एल-टू कोविड केयर सेंटर में गंभीर संक्रमित मरीजों की संख्या 31 है। जबकि जिले के बाहर के 19 कोविड अस्पतालों में गंभीर 29 मरीजों का उपचार किया जा रहा है। बताया कि जिले में प्रतिदिन 1500 के करीब सैंपल लिए जा रहे हैं। लखनऊ लैब से 954 सैंपलों की रिपोर्ट आने का इंतजार है।