फोटो-08एयूआरपी-07- फफूंद रेलवे स्टेशन पर रुकी ट्रेन के अंदर बैठे इक्का दुक्का यात्री
- फोटो : AURAIYA
दिबियापुर (औरैया)। एक वर्ष बाद यात्रियों की साधारण टिकट से यात्रा करने का इंतजार गुरुवार को खत्म हो गया। अछल्दा, पाता होते हुए 04188 स्पेशल मेल एक्सप्रेस ट्रेन अपने निर्धारित समय से एक घंटे 15 मिनट देरी से पहुंची।
स्पेशल ट्रेनों के बिना विलंब के समय पर चलने का अनुमान होने के कारण इस ट्रेन के यात्री फफूंद रेलवे स्टेशन पर पौने दस बजे ही पहुंचने शुरू हो गए थे। लेकिन धीरे-धीरे इस ट्रेन की निर्धारित समय से देर आने की सूचना प्रसारित होने लगी। बाद में यह ट्रेन 11 बजकर 7 मिनट पर फफूंद रेलवे स्टेशन पर पहुंची। एक वर्ष बाद चलने के बावजूद भी यात्रियों का इस ट्रेन को लेकर कम ही उत्साह देखा गया। ट्रेन के अंदर भी कम ही यात्री बैठे नजर आए। हालांकि रेल प्रशासन का मानना है कि शुक्रवार से सुबह 6 बजे से फफूंद से चलने वाली मेमो में यात्रियों की संख्या अधिक होगी। फफूंद रेलवे स्टेशन के अनारक्षित टिकट खिड़की पर यात्रियों की कम संख्या देखते हुए रेल कर्मियों में मायूसी देखने को मिली।
एक वर्ष बाद फिर शुरू हो सकेगी आमदनी
रेल यात्री आजाद नगर दिबियापुर निवासी अनूप कुमार का कहना है कि वह दुकानों का सामान लाने का काम करता है। रिजर्वेशन कराने का झंझट होने के कारण वह पिछले एक वर्ष से कानपुर जाकर सामान लाने का काम बंद कर दिया था। आज से दोबारा इस काम को शुरू कर रहे हैं। अब दोबारा आमदनी हो पाएगी। अनारक्षित ट्रेन के संचालन से यात्रियों को आराम मिलेगा।