18एयूआरपी31 - बीहड़ स्थित मां मंगलाकाली मंदिर।
- फोटो : AURAIYA
औरैया। जिले के तीन मंदिरों का जल्द सुंदरीकरण 148.27 लाख से किया जाएगा। इसके लिए पहली किस्त अवमुक्त हो गई है। तीनों विधायकों के एक-एक मंदिर के सुंदरीकरण के प्रस्ताव को पास किया गया है। मुख्यमंत्री पर्यटन संवर्धन योजना के तहत काम किया जाएगा। इस तरह जिला पर्यटन के नक्शे में दिखाई देगा।
जिले के मंदिरों के प्रति शासन के साथ जिला प्रशासन भी अग्रसर दिख रहा है। नवागत जिलाधिकारी ने देवकली और मंगलाकाली की सुदृढ़ व्यवस्था के लिए पहले से ट्रस्ट बना दिया है। इसी के तहत इस बार प्रदर्शनी का भी आयोजन किया जा रहा है। पहली बार जिला प्रशासन की ओर से शिव बरात भी निकाली गई। अब शासन की ओर से तीन मंदिरों के सुंदरीकरण के लिए रकम निर्गत किए जाने पर लोगों में खुशी का माहौल है।
सदर विधायक रमेश दिवाकर ने मंगलाकाली मंदिर, बिधूना विधायक विनय शाक्य ने अलोपा देवी मंदिर और दिबियापुर विधायक लाखन सिंह राजपूत ने अछल्दा का पुरातन मंदिर भैसोल के सुंदरीकरण का प्रस्ताव शासन को भेजा था। मुख्यमंत्री पर्यटन संवर्धन योजना के तहत सदर विधायक के प्रस्ताव पर मंगलाकाली मंदिर के लिए 48.95 लाख स्वीकृत किया गया है। इसमें पहली किस्त 24.47 लाख अवमुक्त कर दिए गए हैं। वहीं, बिधूना विधायक के प्रस्ताव पर अलोपा देवी मंदिर के लिए 49.65 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं। इसमें 24.82 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं। इसी तरह दिबियापुर विधायक लाखन सिंह राजपूत के प्रस्ताव पर पुरातन मंदिर भैंसोल अछल्दा के सुंदरीकरण के लिए 49.67 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं। इसमें 24.83 लाख की पहली किस्त अवमुक्त हो गई है।
बीहड़ स्थित मां मंगलाकाली मंदिर के समीप पर्यटन स्थल बनाए जाने को लेकर सदर विधायक का प्रयास किया जा रहा है। विधायक सदर का कहना है कि देखरेख के अभाव में बीहड़ की जमीन कब्जाई जा रही है। मां मंगलाकाली मंदिर के पास पार्क की स्थापना और सुंदरीकरण को लेकर चर्चा की गई है।