औरैया। शासन ने त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के सामान्य निर्वाचन के लिए समय सारिणी जारी कर दी है। 17 मार्च को निदेशालय द्वारा ब्लॉकवार प्रधान पदों का आरक्षण चार्ट ब्लॉकवार उपलब्ध करा दिया गया है। 26 मार्च को अंतिम सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
जिला पंचायत राज अधिकारी संदीप वर्मा ने बताया कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य के आरक्षण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। 18 से 19 मार्च तक जिला स्तर पर आरक्षित ग्राम पंचायत प्रधानों, क्षेत्र पंचायत प्रमुखों का आवंटन तथा जिला पंचायत, क्षेत्र पंचायत, ग्राम पंचायत के (वार्ड) आरक्षण एवं आवंटन का जिला मजिस्ट्रेट द्वारा प्रस्ताव तैयार किया जाएगा। 20 से 22 मार्च तक आरक्षित ग्राम पंचायत प्रधानों, क्षेत्र पंचायत प्रमुखों का आवंटन तथा जिला पंचायत, क्षेत्र पंचायत, ग्राम पंचायत के वार्ड के आरक्षण एवं आवंटन की प्रस्तावित सूची जिला मजिस्ट्रेट द्वारा प्रकाशित की जाएगी। 20 से 23 मार्च तक प्रस्तावों पर आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। 24 से 25 मार्च तक आपत्तियों का निस्तारण होगा। 26 मार्च को जिला मजिस्ट्रेट आरक्षित ग्राम प्रधानों, क्षेत्र पंचायत प्रमुखों, जिला पंचायत सदस्यों की अंतिम सूची का प्रकाशन करेंगे।