05एयूआरपी08 - कंचौसी क्रासिंग में जाम में फंसे वाहन।
- फोटो : AURAIYA
कंचौसी(औरैया)। कंचौसी क्रॉसिंग के पास शुक्रवार को ट्रैक्टर खराब होने से लंबा जाम लग गया। करीब तीन किमी लंबे जाम में साढ़े चार घंटे तक लोग जूझ गए। इससे क्रॉसिंग पर वाहन खड़े होने से फाटक नहीं बंद हो सका। जाम में एंबुलेंस भी करीब एक घंटे तक खड़ी रही। गाजियाबाद जा रही मालगाड़ी भी करीब 30 मिनट तक खड़ी रही।
कंचौसी रेलवे क्रॉसिंग पर सुबह नौ बजे धान मशीन जोड़कर जा रहे ट्रैक्टर का पहिया फाटक के पास निकल गया। इससे बड़े वाहन नहीं निकल सके। क्रॉसिंग के दूसरी ओर जल्दी निकलने के चक्कर में डंपर और लोडर एक दूसरे में फंस गए। इस कारण जाम बढ़ गया और ट्रैक पर वाहन खड़े हो गए। ऑटोमेटिक बूम बंद नहीं हो सका। लाइन क्लियर न होने से गाजियाबाद जा रही मालगाड़ी आउटर सिग्नल पर खड़ी रही। सूचना पर आरपीएफ और सिविल पुलिस के जवान पहुंचे और उन्होंने एक-एक कर वाहनों को निकाला। तब जाकर करीब सुबह नौ बजे लगा जाम लगभग डेढ़ बजे खुल सका।