औरैया। शहर के मोहल्ला मदार दरवाजा में शनिवार को जनरल स्टोर के कर्मचारी विशाल ठाकुर को गोली मारने के एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर सोमवार को जेल भेज दिया। इस मामले में अभी तीन आरोपियों की पुलिस को तलाश है।
गोविंद नगर निवासी विनोद सिंह का बेटा विशाल बबलू जनरल स्टोर पर काम करता है। शनिवार को मामूली विवाद में कुछ युवकों ने विशाल को गोली मार दी थी। घायल विशाल के पिता की तहरीर पर पुलिस ने निरंजन वर्मा उसके भाई राजा वर्मा, कन्हैया वर्मा और पक्का तालाब के पास रहने वाले डैनी दिवाकर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। पुलिस ने इस मामले में आरोपी निरंजन वर्मा को गिरफ्तार कर सोमवार को कोर्ट में पेश किया। वहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। कोतवाली प्रभारी संजय कुमार पांडेय ने बताया कि इस मामले में फरार तीन आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें दबिशें दे रही हैं।