औरैया। कोतवाली क्षेत्र के चिरूहूली गांव में हाईवे पर सोमवार की शाम ट्रक को ओवरटेक करते समय सामने आई गाय को बचाने में तेज रफ्तार कार पलट गई। हादसे में एक युवक की मौके पर मौत हो गई और दो लोग घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को 50 शय्या अस्पताल पहुंचाया। वहां से डॉक्टर ने सभी को कानपुर रेफर कर दिया गया।
जालौन जिले के चुर्खी बाईपास उरई निवासी वीर सिंह का बेटा शिवपूजन उर्फ टोमिल (20) और मुन्ना लाल का बेटा सोनू (22) सोमवार की सुबह दीपू (24) के साथ उसकी बुआ के यहां इटावा गए थे।
वहां से शाम को वापस कार से उरई जा रहे थे। कोतवाली क्षेत्र के चिरूहूली गांव ओवर ब्रिज पर आगे जा रहे ट्रक को ओवरटेक करते समय कार के सामने एक गाय आ गई। गाय को बचाने के चक्कर में कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गई। इसके बाद कार काफी दूर तक घिसटती चली गई। इसके बाद कार पलटने से उसमें दबने से दीपू की मौके पर ही मौत हो गई। अन्य युवक घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने हादसे में घायल हुए युवकों को अस्पताल पहुंचाया। साथ ही मृतक व घायलों के परिजनों को हादसे की सूचना दी। पुलिस ने मामले की जांच कर रही है।