फफूंद (औरैया)। थाना परिसर में सोमवार को थाना प्रभारी ने व्यापारियों के संग बैठक कर उनकी समस्याएं सुनीं। साथ ही दुकानदारों से अपनी दुकानों व प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे लगवाने और चौकीदार रखने की बात कही।
थानाध्यक्ष राजेश सिंह व वरिष्ठ उप निरीक्षक दीप किशोर दुबे ने कहा कि अपनी दुकानों के शटर में सेंटर लॉक जरूर लगवाएं। साथ ही दुकान के अंदर व बाहर सीसीटीवी कैमरे लगवाएं। रात में मुख्य मार्केट में एक चौकीदार को भी तैनात करें। दुकानदार मॉस्क लगाए और ग्राहकों को सैनिटाइजर से हाथ धुलाएं। कोई भी दुकानदार दुकान के बाहर रोड पर अतिक्रमण न करे।
व्यापारियों ने सहमति जताते हुए थानाध्यक्ष के सामने अपनी भी समस्या रखी। थानाध्यक्ष ने कहा कि पुलिस से जुड़ी हर समस्या का समाधान किया जाएगा। इस मौके पर व्यापार मंडल के संरक्षक सत्य स्वरूप दीक्षित, अध्यक्ष अश्वनी कुमार त्रिपाठी, सोमचंद्र अग्रवाल, मानवेंद्र सिंह पोरवाल, सुरेश चंद्र अवस्थी, मुन्ना कुरैशी, सभासद प्रबल शर्मा, शिव कुमार राजपूत व अकील खान सहित कई लोग मौजूद रहे।