औरैया। भाजपा पार्टी कार्यालय में गुरुवार को जिलाध्यक्ष डॉ. सर्वेश कठेरिया के नेतृत्व में मिठाई बांटते हुए खुशी जताई गई। उन्होंने कहा कि अब औरैया मेडिकल कॉलेज राजमाता अहिल्याबाई होल्कर के नाम से जाना जाएगा। इसकी सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घोषणा कर दी है। मुख्यमंत्री से एक दिन पहले ही पत्र भेजकर मांग की गई थी। भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. सर्वेश कठेरिया ने बताया कि औरैया में स्थापित राजकीय महाविद्यालय बिधूना का नाम 6 जून 2001 को सूबे के मुख्यमंत्री राजनाथ सिंह के कार्यकाल में अहिल्याबाई होल्कर के नाम पर नामकरण हुआ था। इससे पहले समाजवादी पार्टी सरकार ने 2013 में राजकीय महाविद्यालय का नाम बदलकर राम मनोहर लोहिया के नाम पर कर दिया गया था।
वहीं अब सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल द्वारा अपने पत्र से अवगत कराया कि औरैया जनपद में मेडिकल कॉलेज का नाम अहिल्याबाई होल्कर के नाम पर रखा जाए। इस पर औरैया की जन भावनाओं के मद्देनजर मुख्यमंत्री ने यह एलान किया है कि राजकीय मेडिकल कॉलेज का नाम लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के नाम पर किया जाए। पार्टी कार्यालय में खुशी जताने के दौरान अमरचंद्र राठौर, यशवीर सिकरवार, विशाल शुक्ला, इन्द्रपाल सिंह पाल, मनीष भारती मौजूद रहे।(संवाद)