आग की लपटों में धू-धू कर जलती टट्टर में संचालित परचून की दुकान। संवाद
- फोटो : AURAIYA
औरैया। सदर कोतवाली क्षेत्र में गल्ला मंडी समिति के सामने टट्टर में संचालित एक परचून की दुकान में शनिवार देर रात शार्ट सर्किट से आग लग गई। फायर ब्रिगेड ने एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस बीच लगभग दो लाख रुपये कीमत का सामान जलकर राख हो गया।
गांव समरथपुर निवासी अरुण पुत्र लाखन सिंह भदौरिया की मंडी समिति के सामने टट्टर में परचून की दुकान थी। शनिवार रात वह रोज की तरह दुकान बंद कर घर चले गए। रात लगभग तीन बजे अचानक दुकान में अचानक आग लग गई। तभी उधर से निकली चीता मोबाइल पुलिस ने आसपास के लोगों को आग लगने की सूचना दी।
लोगों से जानकारी के बाद सिपाहियों ने दुकान मालिक अरुण भदौरिया व फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दुकान मालिक ने बताया कि आग से गुल्लक में रखी नकदी समेत लगभग दो लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रवि श्रीवास्तव ने बताया कि शार्ट सर्किट से आग लगना बताया गया है। मामले की जांच की जा रही है।