औरैया। ग्राम शहाब्दा में दबंगों ने एक युवक के साथ मारपीट की। उन्होंने युवक को तमंचे से फायर कर कुएं में फेंकने का प्रयास किया। बचाने आई मां को भी पीटा गया।
ग्राम शहाब्दा निवासी रवि चतुर्वेदी ने कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है। बताया कि 31 जुलाई की शाम करीब पांच बजे कुछ लोगों ने उन्हें रास्ते में रोका। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उन्हें पीटा। इसके बाद जबरन घर के अंदर खींचकर ले जाने लगे। एक आरोपी ने जान से मारने की नीयत से तमंचे से फायर किया, पर गोली नहीं लगी। फिर उसे घर के कुएं में फेंकने का प्रयास किया गया।
रवि की चीख-पुकार सुनकर मां प्रेमकुमारी बचाने दौड़ीं, तो उनके साथ भी मारपीट की गई। पिता और भाई के मौके पर पहुंचने पर आरोपी जान से मारने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर भाग गए। रवि ने आरोप लगाया कि विपक्षी उनके मकान पर अवैध कब्जा करना चाहते हैं। पीड़ित ने निष्पक्ष जांच और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। कोतवाल राजकुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।