शुक्रवार देर रात जिले को विद्युतापूर्ति करने वाले 132 केवीए असेनी सब स्टेशन में आए फाल्ट से यार्ड में आग लग गई। दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
आग लगने के बाद 24 घंटे तक दिबियापुर के भगवतीगंज फीडर की विद्युतापूर्ति ठप रही। शनिवार शाम केबिल बदले जाने के बाद भगवतीगंज की विद्युतापूर्ति प्रारंभ होने की उम्मीद है।
शनिवार देर रात साढ़े 10 बजे जिले के विभिन्न फीडरों को विद्युतापूर्ति करने वाले 132 केवीए के असेनी सब स्टेशन में आए फाल्ट से यार्ड में आग लग गई। आनन फानन सब स्टेशन से विभिन्न फीडरों को विद्युतापूर्ति बंद कर दी गई। अधिकारी एवं कर्मचारी पानी की बाल्टियां लेकर दौड़ पड़े।
सबमर्सिबल चलाकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया। पुलिस एवं फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। आग लगने से डेढ़ घंटे बाद पहुंची फायरब्रिगेड ने आग पर काबू पाया।
आग बुझने के बाद अधिकारियों- कर्मचारियों ने देखा कि दिबियापुर के भगवतीगंज फीडर की केबिल जल चुकी है, जबकि कोल्ड स्टोर एवं नलकूप संख्या एक फीडर की केबिलों को भी नुकसान पहुंचा है।
कोल्ड स्टोर की केबिल रात एक बजे एवं नलकूप की केबल सुबह टेप आदि लगाकर दुरुस्त कर ली गई, जबकि भगवतीगंज फीडर की जली केबिल को बदलने के लिए नई केबिल मंगाई गई है।
एसडीओ सुधीर कुमार एवं अवर अभियंता शशिकांत ने मौके पर पहुंचकर पड़ताल की। अवर अभियंता शशिकांत का कहना है कि शनिवार देर शाम नई केबिल मंगा ली गई है। देर रात तक भगवतीगंज फीडर की विद्युतापूर्ति बहाल कर ली जाएगी।
भीषण गर्मी के बीच विद्युतापूर्ति चरमराई - दिबियापुर ( औरैया )। भीषण गर्मी के बीच विद्युतापूर्ति पूरी तरह से चरमरा गई है। दिबियापुर के भगवतीगंज फीडर की विद्युतापूर्ति जहां केबिल जलने से ठप रही। वहीं ककराही बाजार फीडर की विद्युतापूर्ति आकस्मिक कटौती के चलते कई घंटों तक बाधित रही।
रात में 12 बजे गुल हुई बिजली शनिवार अपरान्ह एक बजे दोबारा चालू हो सकी। दिन में भी कई घंटों तक बिजली गुल रही। कम वोल्टेज एवं कई घंटों तक बिजली गुल रहने के कारण घरों में पेयजल संकट गहरा गया।
फ्रिज और इन्वर्टर शोपीस बने नजर आए। लोगों ने मांग की है कि निर्धारित शेड्यूल से विद्युतापूर्ति की जाए। अन्यथा दिबियापुर के लोग आंदोलन को बाध्य होंगे।