अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से आयोजित स्व. अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा 2014 का परिणाम घोषित कर दिया गया है। परीक्षा में शामिल 550 परीक्षार्थियों को पछाड़ कर शिवाजी नगर बाबरपुर के आर्यन गुप्ता जिला टॉपर घोषित किए गए हैं। फाउंडेशन की ओर से आर्यन को छात्रवृत्ति के रूप में 6500 रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी।
बाबरपुर के सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज में कक्षा नौ में अध्ययनरत आर्यन गुप्ता के पिता विनोद कुमार गुप्ता कसबे में टेलरिंग से संबंधित सामान की दुकान करते हैं। मां प्रकाशा देवी गृहणी हैं। आर्यन गुप्ता ने कक्षा आठवीं की परीक्षा सरस्वती ज्ञान विद्या मंदिर से अच्छे अंकों में उत्तीर्ण की थी। इस पर उन्हें प्रशस्तिपत्र मिला।
फाउंडेशन की ओर से घोषित किए गए छात्रवृत्ति परीक्षा के परिणाम में आर्यन गुप्ता ने 83 फीसदी अंक लाकर अपना स्थान सुनिश्चित किया है। शहर के ज्ञान स्थली अकेडमी में स्व. अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा दो नवंबर आयोजित कराई गई थी।
इस परीक्षा में जिले से 1048 आवेदन पत्र प्राप्त हुए थे, जिसमें 550 आवेदक परीक्षा में शामिल हुए थे। अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा में देशभर के 225 मेधावियों का चयन किया गया है।
इन मेधावियों में कक्षा 10वीं में अध्ययनरत को 6500 रुपये, 12वीं में अध्ययनरत को 7500 रुपये प्रदान किए जाएंगे, जबकि स्नातक के अंतिम वर्ष में अध्ययनरत चयनित मेधावियों को 10 हजार रुपये छात्रवृत्ति के रुप में प्रदान किए जाएंगे।