अमर उजाला कार्यालय में रविवार को आखिर वह भी क्षण आया जब देशभर के छह लाख मेधावियों को पछाड़ कर 231 होनहारों की सूची में शामिल औरैया के आर्यन गुप्ता को अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति योजना की चेक प्रदान की गई।
मध्यम वर्गीय परिवार से जुड़े आर्यन गुप्ता चेक पाकर खुशी से सिर्फ इतना ही बोल सके की वह इस धनराशि से आगे की पढ़ाई जारी रखेंगे।
गत दो नवंबर को अमर उजाला फाउंडेशन की अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति योजना 2014 की परीक्षा आयोजित की गई थी। परीक्षा में जनपद के 1013 मेधावियों ने आवेदन किया था। इस परीक्षा में 550 मेधावी शामिल हुए थे। देशभर में हुई इस परीक्षा में छह लाख छात्र- छात्राएं शामिल हुए थे।
रविवार को अमर उजाला कार्यालय में जिले के एक मात्र छात्रवृत्ति योजना के विजेता कस्बा बाबरपुर के बाल विकास शिक्षण संस्थान इंटर कालेज के कक्षा नौ के छात्र आर्यन गुप्ता को छात्रवृत्ति प्रदान की गई।
टेलरिंग गुड्स व्यवसाय से जुड़े विनोद कुमार के पुत्र आर्यन को सपा जिलाध्यक्ष शिवनाथ सिंह यादव ने चेक प्रदान किया। इस मौके पर आर्यन गुप्ता के माता प्रकाश देवी और पिता विनोद कुमार भी मौजूद रहे।
चेक पाकर खुशी से गदगद आर्यन गुप्ता ने प्राप्त छात्रवृत्ति की 6500 रुपये की धनराशि से आगे की पढ़ाई जारी रखने की बात कही। इस मौके पर सपा जिला उपाध्यक्ष अनवर सिंह यादव, जिला मीडिया प्रभारी अवधेश भदौरिया व पार्टी के ज्ञान सिंह पाल मौजूद रहे।