औरैया। हज यात्रा 2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने बताया कि हज कमेटी ऑफ इंडिया की वेबसाइट व हज सुविधा एप पर 20 जुलाई तक आवेदन किए जा सकते हैं। शहर के संजय गेट स्थित एकेएम इंटर कॉलेज में बने ई-सुविधा केंद्र पर यह फॉर्म निशुल्क भरे जाएंगे।
इसके लिए पासपोर्ट मशीन पठित होना अनिवार्य है, हस्तलिखित मान्य नहीं होगा। इसकी वैधता 31 दिसंबर 2027 तक होनी चाहिए। यात्रा 40 और 20 दिनों की दो श्रेणियों में होगी। 20 दिन वाले विकल्प के लिए देश में केवल सात उड़ान स्थल दिल्ली, मुंबई, अहमदाबाद, बंगलुरु, चेन्नई, कोच्चिन और हैदराबाद तय हैं।
इसके साथ में फोटो, पासपोर्ट का पहला व आखिरी पन्ना, निवास प्रमाण पत्र, बैंक खाता विवरण या कैंसिल चेक अपलोड करना होगा। एक साथ अधिकतम पांच लोग आवेदन कर सकते हैं बशर्ते सबका मोबाइल नंबर और श्रेणी एक हो।
पिछले सत्र हज-2026 में लखनऊ से कुल खर्च 3,52,550 रुपये और दिल्ली से 3,46,600 रुपये जमा कराया गया था। आवेदन के बाद प्रिंटआउट उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति को भेजना अनिवार्य होगा।