औरैया। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने 10वीं कक्षा का रिजल्ट जारी कर दिया है।
इसके बाद भी किसी विषय में कम अंक होने की स्थिति में विद्यार्थियों को अपने अंकों में सुधार करने का पहली बार एक और अवसर दिया जा रहा है। जो छात्र को अपने परीक्षा परिणाम से संतुष्टि नहीं है, वे निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन कर अपने अंक सुधार सकते हैं। विद्यार्थी 22 अप्रैल तक लेट फीस जमा करते हुए आवेदन कर सकते हैं।
आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह से ऑनलाइन की गई है। इसमें स्कूलों की भी अहम भूमिका रहेगी। विद्यार्थियों अपने संबंधित स्कूल के जरिए आवेदन कर रहे हैं। इसके बाद स्कूल प्रशासन एलओसी (लिस्ट ऑफ कंडिडेट्स) को बोर्ड के पोर्टल पर अपलोड करेंगे।
16 से 20 अप्रैल तक पहले चरण में कुछ स्कूलों में छात्र-छात्राओं ने आवेदन भी कर दिए हैं। स्कूलों से छात्रों का डाटा ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड किया जा रहा है। तीसरे चरण में 21 से 22 अप्रैल तक लेट फीस के साथ आवेदन स्वीकार किए जा रहे हैं।
निर्धारित समय के बाद कोई भी आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा। इसलिए विद्यार्थियों को समय सीमा के अंदर आवेदन करने की सलाह दी जा रही है। सीबीएसई की ओर से नई शिक्षा नीति के तहत यह व्यवस्था केवल 10वीं कक्षा के बच्चों के लिए की है।
नई शिक्षा नीति के तहत मिला है मौका
नई शिक्षा नीति (एनईपी-2020) के तहत अब छात्रों को मुख्य परीक्षा के तुरंत बाद द्वितीय बोर्ड परीक्षा के रूप में अंक सुधारने का अवसर मिल रहा है। इसमें छात्र विज्ञान, गणित, सामाजिक विज्ञान और भाषाओं सहित अधिकतम तीन विषयों में अपनी परफॉरमेंस बेहतर कर सकेंगे।
फरवरी-मार्च 2026 में हुई प्रथम बोर्ड परीक्षा सभी छात्रों के लिए अनिवार्य की गई थी। द्वितीय परीक्षा केवल उन छात्रों के लिए है, जो अपने अंक सुधारना चाहते हैं। यह वैकल्पिक होगी। दोनों परीक्षाओं (मुख्य और सुधार परीक्षा) में से जिस परीक्षा में छात्र के अंक अधिक होंगे, वही अंतिम मार्कशीट और डिजीलॉकर में दर्ज किए जाएंगे। छात्र केवल उन्हीं विषयों में सुधार परीक्षा दे सकेंगे, जिनमें वे मुख्य परीक्षा में शामिल हुए हों।
सीबीएसई के विद्यार्थी जो अपने अंकों में सुधार करना चाहते हैं, वे 22 अप्रैल तक लेट फीस जमा करते हुए द्वितीय परीक्षा के लिए आवेदन कर सकते हैं।-डॉ. आनंद, जिला कोऑर्डिनेटर, सीबीएसई