औरैया। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा में बोर्ड प्रशासन ने इस बार कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी लगाने के लिए भी तकनीक का सहारा लिया है। एप्लीकेशन माड्यूल से ही अब केंद्र व्यवस्थापक कक्ष निरीक्षकों को तैनात कर सकेंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि शासन ने निर्देश दिया है कि केंद्र व्यवस्थापकों से इस माड्यूल के अनुसार ही ड्यूटी लगाने का कार्य कराया जाए। कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी पाली के अनुरूप ही लगाई जाएगी।
डीआईओएस हृदय नारायण त्रिपाठी ने बताया कि सचिव नीना श्रीवास्तव ने जिला विद्यालय निरीक्षकों को भेजे निर्देश में कहा कि बोर्ड परीक्षा में कक्ष निरीक्षकों की सुचारू व्यवस्था के लिए एक एप्लीकेशन माड्यूल विकसित किया गया है। इसके माध्यम से जरूरत के हिसाब से कक्ष निरीक्षकों की पाली के अनुसार ड्यूटी लगाई जा सकती है।
इसमें प्रयोग की विधि दी गई है साथ ही प्रत्येक परीक्षा केंद्र व जिले की यूजर आईडी व पासवर्ड भी भेजा गया है। बताया कि इस व्यवस्था से कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी लगाने के साथ ही उनके देयकों का त्वरित निस्तारण हो सकेगा। यहीं नहीं इस माड्यूल के अतिरिक्त किसी माध्यम से कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी लगाए जाने और उपस्थिति पोर्टल पर दर्ज न किए जाने पर कक्ष निरीक्षकों का भुगतान नहीं हो सकेगा। इसे केंद्र व्यवस्थापकों के माध्यम से लागू कराने के कड़े निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि शासन का निर्देश है कि केंद्र व्यवस्थापक माड्यूल के चरण एक से तीन तक की गतिविधि रविवार 23 फरवरी तक पूरी कर लें। जिले में बनाए गए 70 परीक्षा केंद्रों को प्रथम पाली की उपस्थिति सुबह सात से नौ व द्वितीय पाली की उपस्थिति एक तीन बजे के मध्य अंकित करनी होगी।
--