दिबियापुर। बीती 20 फरवरी को सहायल थाना क्षेत्र के गांव नवी मोहन में बाड़े में घुसकर किसी ने भेड़ों पर हमला कर दिया था। इसमें 18 भेड़ों की मौत हो गई थी।
बृहस्पतिवार की रात इसी गांव में फिर एक भेड़ पर हमला हुआ, जिसमें उसकी मौत हो गई। घटनाओं से ग्रामीण दहशत में हैं।
बीते 20 फरवरी को इसी ग्राम के किसान रामलखन कठेरिया की 18 भेड़ों को बेरहमी से मार दिया गया था। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कई लोगों से पूछताछ की थी, लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया था।
बृहस्पतिवार की रात रामलखन के पड़ोसी हरिओम कठेरिया के बाड़े में बंधी एक भेड़ पर हमला हुआ। इसमें उसकी मौत हो गई। सूचना पर पुलिस और स्थानीय पशु डॉक्टर मौके पर पहुंचे। भेड़ का पोस्टमार्टम कराकर दफना दिया गया है। लगातार दो घटनाओं से ग्रामीणों में भय और आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने गहन जांच की मांग की है।
पुलिस जंगली जानवर पर जता रही आशंका
सहायल थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिली थी। मौके पर डॉक्टर भेजे गए। प्रथम दृष्टया भेड़ की मौत किसी जंगली जानवर के मारने से प्रतीत हो रही है। उसके गले में पंजा मारने के निशान बने हैं। पुलिस पहले वाली भेड़ों की मौत में भी किसी जंगली जानवर की संलिप्तता का अंदेशा जता रही है।
इधर, ग्रामीणों का कहना है कि दोनों घटनाओं के समय गांव की बिजली भी खराब हो गई, इससे घटना को लेकर कई गंभीर संदेह उत्पन्न हो रहे हैं। ग्रामीणों ने मांग की है कि मामले में कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए और पीड़ित गरीब किसानों को तत्काल आर्थिक सहायता और मुआवजा दिया जाए।