चीता मोबाइल के सिपाही की पिटाई से गुस्साए लोगों ने रास्ता जाम कर दिया।
वसूली का आरोप लगा नारेबाजी की। मौके पर पहुंचे दरोगा के समझाने- बुझाने के
बाद रास्ता खुला।
व्यापारियों का आरोप है कि सोमवार को सड़क
किनारे सब्जी बेच रहे विक्रेता अशफाक के पास पहुंचे चीता मोबाइल के
सिपाहियों ने सौ रुपये की मांग की। जब उसने सुबह-सुबह पैसे न होने की बात
कही तो गुस्से में आए सिपाही ने सब्जी की ठेली सड़क पर पलट दी।
इससे
विक्रेता की सब्जी सड़क पर चारों ओर बिखर गई। सिपाहियों का गुस्सा इतने भी
शांत नहीं हुआ तो वे सत्तेश्वर निवासी ध्रुव कुमार की पिटाई भी कर दी। यह
देख दूसरे सब्जी विक्रेता और स्थानीय लोग एकजुट हो गए। ठेलियों को आड़ा
तिरछा लगा कर रास्ता जाम कर दिया।
करीब आधे घंटे बाद सूचना पर
पहुंची कोतवाली पुलिस ने जाम खुलवाने का प्रयास किया लेकिन सब्जी विक्रेता
आरोपी सिपाही के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।
बाद में
पहुंचे कोतवाली सब इंस्पेक्टर मोहम्मद शाकिर ने सब्जी विक्रेताओं को
कार्रवाई व पीड़ित सब्जी विक्रेता के नुकसान की भरपाई का आश्वासन देकर जाम
खुलवाया।