बिधूना। घर के बरामदे में सो रही महिला पर युवक ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। गर्दन पर वार से महिला की चीख निकल गई।
शोर सुनकर पास में सो रहीं सास की नींद खुल गई। तभी बिजली गुल होने का फायदा उठाकर आरोपी सुमित भाग निकला। महिला सीएचसी से तिर्वा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
मामले में पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया है। पुलिस के अनुसार एक माह पहले महिला ने आरोपी पर घर में चोरी का आरोप लगाया था। इसी बात को लेकर युवक नाराज था।
कस्बे से सटे गांव रौनाहा निवासी ध्रुव दिल्ली में रहकर वाहन चलाता है। घर पर पत्नी अनन्या, उसका बेटा, बेटी व मां कमला और पिता प्रेमचंद्र रहते हैं। मंगलवार रात खाने के बाद अनन्या बच्चों के साथ घर के बरामदे में लेट थीं। वहीं पास में सास भी लेटी थीं।
ससुर दूसरे मकान में सोए थे। देर रात करीब एक बजे गांव की बिजली जाने के बाद महिला पर गांव के सुमित ने धारदार हथियार से हमला कर घायल कर दिया। हमले से अनन्या की चीख निकल गई। सास जागीं तो हमलावर मौके से भाग गया।
शोरगुल सुनकर ससुर मौके पर पहुंचे। सूचना पर कोतवाली पुलिस ने जांच और महिला को सीएचसी ले गई। वहां डॉक्टर ने उसे उपचार के बाद गंभीर हालत में कन्नौज के तिर्वा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
महिला के बताने पर रात में दबिश देकर पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया। सीओ पी पुनीत मिश्रा ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। महिला की हालत में सुधार है। तहरीर के आधार पर जल्द कार्रवाई की जाएगी।
आरोपी ने कस्बे से खरीदा था ब्लेड
बिधूना। गांव रौनाहा में अनन्या पर हमले के मामले में पुलिस ने सास कमला की तहरीर पर बुधवार देर शाम गांव के सुमित के खिलाफ जानलेवा हमला सहित अन्य आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने महिला की गर्दन पर ब्लेड से हमला किया था। जिसे मंगलवार को कस्बा के भगत सिंह चौराहे स्थित दुकान से नाखून काटने के लिए उसने खरीदा था।
हमले के दौरान वह डंडा व ब्लेड दोनों लेकर गया था। पूछताछ में उसने पुलिस को बताया कि महिला सो रही थी, जिसकी वजह से ब्लेड से गर्दन पर हमला किया। अगर वह जाग रही होती तो डंडे से हमला करने की योजना थी। कोतवाल मुकेश बाबू चौहान ने बताया कि आरोपी को पूछताछ के बाद कोर्ट में पेश किया गया। वहां से उसे इटावा जेल भेज दिया गया। (संवाद)