महोत्सव के शुभारंभ से पूर्व लोगों को सामाजिक समरसता से जोड़ने के उद्देश्य से जिला प्रशासन की ओर से सद्भाव रैली निकाली गई। शहर के सुभाष चौक चौराहे पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर महोत्सव आयोजन समिति के सचिव जितेंद्र श्रीवास्तव व सीओ सिटी सुभाष अत्री ने रैली को रवाना किया।
रैली में एसडीएम, सीओ सिटी व अन्य अफसरों के साथ आम लोग भी जुड़ते गए। संजय गेट चौराहा, इटावा रोड होती हुई सद्भाव रैली सीएमओ कार्यालय के सामने पहुंची। यहां से सीएमओ डा. एसबी मिश्रा के साथ अन्य चिकित्साधिकारी शमिल हुए। ब्लाक गेट तिराहे पर अपने आवास से निकल कर डीएम माला श्रीवास्तव ने रैली में भागीदारी की।
यहां से हजाराें की संख्या में पहुंची रैली आयोजन स्थल पर समाप्त हुई। सद्भाव रैली में भारत मां की झांकी के बाद औरैया महोत्सव रथ के अलावा स्काउट एंड गाइड, विद्यालयों के बच्चों की झांकियों के साथ ही मयूर के वेश में बृज के कलाकार सुंदर नृत्य करते नजर आए।