औरैया। गांव भाऊपुर के पास हुए हादसे में घायल बुजुर्ग महिला द्रोपदी (60) की सैफई में उपचार के दौरान मौत हो गई। उनकी घायल बेटी व दामाद का उपचार किया जा रहा है।
इस हादसे में आठ श्रद्धालु घायल हुए थे। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। जनपद प्रयागराज से एक पिकअप श्रद्धालुओं को लेकर शुक्रवार सुबह छह बजे खाटू श्याम जा रही थी। सदर कोतवाली के कानपुर-इटावा हाईवे पर भाऊपुर गांव के पास पिकअप के चालक को अचानक झपकी आई गई थी। जिससे पिकअप डिवाइडर पर चढ़कर पलट गई थी।
हादसे में प्रयागराज के थाना व कस्बा धूरपुर के गांव शिवपुरी निवासी सुरेश, पत्नी रीता (45), सास द्रोपदी (60) गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें सैफई रेफर किया गया था। हादसे में थाना बारा के गांव जसरा निवासी घायल रुद्र ठाकुर उर्फ इशू सिंह व अंकुर श्रीवास्तव उर्फ बाबू को मेडिकल कॉलेज भेजा गया था।
वहीं पिकअप चालक जसरा निवासी हर्षित श्रीवास्तव व संदीप विश्वकर्मा, गांव घूरपुर निवासी सौरभ सिंह मामूली रूप से घायल हुए थे। सूचना पर परिजन इटावा गए। सैफई में उपचार के दौरान द्रोपदी की शुक्रवार रात मौत हो गई। जबकि बेटी रीता व दामाद सुरेश का उपचार हो रहा है।
पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन के सुपुर्द कर दिया। कोतवाल राजकुमार सिंह ने बताया कि जानकारी देर रात करीब साढ़े 11 बजे हुई है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।