फोटो-12-घटनास्थल पर मौजूद भीड़। स्रोत:वीडियोग्रैब
औरैया। सदर कोतवाली क्षेत्र से निकले हाईवे पर बुधवार रात करीब नौ बजे मंडी समिति के सामने ट्रक ने बाइक सवार वृद्ध को रौंद दिया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे के चालक ट्रक लेकर भाग गया। पुलिस ने जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
अजीतमल कोतवाली क्षेत्र की ऊंचा चौकी के गांव गणेश पुरवा निवासी श्रीपाल (60) बुधवार को सदर कोतवाली के गांव भाऊपुर स्थित ससुराल में आयोजित कार्यक्रम में गए थे। रात में बाइक से घर जाते समय मंडी समिति के सामने कानपुर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी और उन्हें रौंदता हुआ चला गया। हादसे में वृद्ध की मौके पर मौत हो गई। ट्रक की टक्कर से बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मौजूद लोगों से हादसे के बारे में पूछताछ की। बाद में परिजन को सूचना देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ सिटी अशोक कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ट्रक की तलाश में हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।