बिधूना (औरैया)। कस्बे के आंबेडकर नगर पार्क में लगी डा. भीमराव आंबेडकर को मंगलवार की रात शरारती तत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। बुधवार की सुबह प्रतिमा की हालत देख ग्रामीण आक्रोशित हो गए। जानकारी पर एसडीएम और सीओ मौके पर पहुंचे और आक्रोशित भीड़ को शांत करा प्रतिमा को बदलवाया।
जानकारी के अनुसार मंगलवार की रात शरारतीतत्वों ने आंबेडकर पार्क में लगी भीम राव आंबेडकर की प्रतिमा का एक हाथ तोड़ क्षतिग्रस्त कर दिया। बुधवार की सुबह पार्क में लोगों की भीड़ जमा हो गई। आक्रोशित भीड़ ने इसकी जानकारी जिला प्रशासन को दी। हंगामे की सूचना पर एसडीएम बिधूना रमापति, तहसीलदार गौतम सिंह और सीओ मुकेश प्रताप सिंह पार्क पहुंचे और आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास किया। साथ ही कोतवाली प्रभारी राजदेव प्रजापति भी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। हालातों को देख अछल्दा थानाध्यक्ष विष्णु गौतम भी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। जानकारी पर भाजपा नेता पूर्व विधायक शिवप्रसाद यादव, चेयरमैन अमित कुमार समेत कई संभ्रात लोग पार्क पहुंचे और प्रतिमा के क्षतिग्रस्त करने वाले के खिलाफ कार्रवाई मांग की। प्रशासनिक अधिकारियों ने नई प्रतिमा लगवाई, जिसके बाद लोगों का गुस्सा शांत हुआ।
कस्बे के लोहिया नगर के रघुवीर सिंह ने कोतवाली पुलिस को दिए शिकायत पत्र में प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। नई प्रतिमा को अनावरण रविवार को विधि विधान से साथ किया जाएगा।