औरैया। दिबियापुर रोड पर गांव भरतपुर स्थित एक महाविद्यालय में बीकॉम पांचवें समेस्टर के छात्र ने नकल के नाम पर रुपये न देने पर पीटने का आरोप लगाया।
शुक्रवार को प्रबंध समिति ने इन आरोपों को नकार दिया। प्रबंधन ने छात्र पर अनुशासनहीनता और प्रश्नपत्र का हवाई जहाज बनाकर परीक्षा के दौरान उड़ाने का आरोप लगाया। कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
फफूंद कस्बा के एक मोहल्ला निवासी छात्र की बीकॉम पांचवें सेमेस्टर की परीक्षा सदर कोतवाली के गांव भरतपुर स्थित पंडित कौशल किशोर अवस्थी महाविद्यालय में चल रही है। बुधवार देर रात छात्र सदर कोतवाली पहुंचा।
वहां मौजूद एसपी अभिषेक भारती को तहरीर देकर शिक्षक पर नकल के लिए रुपये न देने पर पीटने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
शुक्रवार को डिग्री कॉलेज के प्रबंधक वेदप्रकाश अवस्थी ने पत्र जारी कर लगाए गए आरोपों को खारिज कर दिया। उन्होंने तीन छात्रों पर परीक्षा के दौरान अनुशासनहीनता करने का आरोप लगाया। साथ ही आरोप लगाया कि तीनों छात्रों ने परीक्षा के दौरान प्रश्नपत्र का हवाई जहाज बनाकर कक्षा में उड़ाया। आरोप है कि छात्रों ने वेरिफिकेशन शीट भी फाड़ दी।
प्रबंधक ने कोतवाली में तहरीर देकर छात्रों पर कार्रवाई की मांग की। प्रबंधक ने कानपुर स्थित छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय के कुलसचिव से भी छात्रों की शिकायत की है। कोतवाल राजकुमार सिंह ने बताया कि दोनों तरफ से तहरीर मिली है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
झुंड में परीक्षा दे रहे छात्र
प्रबंधक द्वारा पुलिस के साथ एक वीडियो साझा किया गया जोकि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में छात्र एक पंक्ति में झुंड में परीक्षा देते नजर आ रहे हैं। छात्र एक दूसरे से बात करते भी नजर आ रहे।
खास बात है कि कक्षा की दो अन्य पंक्तियां खाली दिख रही हैं। परीक्षा की सुचिता पर भी इससे सवाल खड़े हो रहे हैं। ऐसे में प्रबंधन द्वारा जारी किया गया यह वीडियो खुद उनके लिए परेशानी खड़ी कर सकता है।