अयाना। थाना क्षेत्र के सिहौली गांव के पूर्व माध्यमिक स्कूल में तैनात एक शिक्षक पर गांव के कुछ लोगों ने धर्म के नाम पर बच्चों को बहकाने का आरोप लगाकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा कर मामला शांत कराया और जांच कर कार्रवाई की बात कही।
सिहौली गांव निवासी विनय राजपूत ने अयाना थाना में तहरीर देकर आरोप लगाया कि गांव के पूर्व माध्यमिक विद्यालय में तैनान एक शिक्षक विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों को धर्म के प्रति बरगलाते है। यदि कोई बच्चा विद्यालय में कलावा और गले में धार्मिक लॉकेट पहनकर आता है तो उसके साथ मारपीट करते हैं।
बच्चों की शिकायत पर कुछ ग्रामीण पहुंचे और शिक्षक पर आरोप लगा हंगामा शुरू कर दिया। थाना प्रभारी श्रीकेश भारती ने बताया कि मामला संज्ञान में है। इस संबंध में शिक्षा विभाग और एसडीएम को भी जानकारी दी गई है। पूरे मामले की गहनता से जांच कर कार्रवाई की जाएगी।