कंचौसी। सहार ब्लॉक की ग्राम पंचायत ढिकियापुर में पंचायत चुनाव से पहले मतदाता सूची को लेकर विवाद सामने आया।
ग्रामीणों ने तहसील कर्मचारियों पर मिलीभगत कर नई वोटर लिस्ट से 35 नाम गायब करने का आरोप लगाया है। इस संबंध में सोमवार को ग्रामीणों ने डीएम को शिकायती पत्र सौंपकर जांच की मांग की है।
ग्राम पंचायत ढिकियापुर निवासी मदन सिंह यादव, राजीव गुप्ता, ज्ञानेंद्र गुप्ता सहित अन्य ग्रामीणों ने डीएम बृजेश कुमार को बताया कि वर्ष 2026 की ग्राम पंचायत परीक्षण वोटर लिस्ट में गांव के कई मतदाताओं के नाम छूटे हुए थे। इन छूटे हुए 35 नामों को मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए आवश्यक दस्तावेज बीएलओ प्रदीप कुशवाहा को उपलब्ध करा दिए गए थे।
आरोप है कि बिधूना तहसील में कार्यरत दो कर्मचारियों ने गांव के ही कुछ लोगों से मिलीभगत कर ली। इसके चलते न सिर्फ उन 35 नए मतदाताओं के नाम सूची में शामिल होने से रोके गए बल्कि संबंधित सूची ही गायब करवा दी गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएम ने संज्ञान लिया। उन्होंने पूरे प्रकरण की जांच के लिए उपजिलाधिकारी बिधूना को निर्देशित किया है। डीएम ने कहा कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।