क्षेत्र के ग्राम पुर्वा दानशाह में रविवार रात दुकान में आग लग गई। इसमें करीब दो लाख रुपये का सामान राख हो गया। पीड़ित दुकानदार ने बेला थाने में घटना की तहरीर दी है।
पुर्वा दानशाह निवासी सतीश चंद्र शुक्ला के मकान के बाहर चंद्रशेखर गुप्ता उर्फ रिंकू पुत्र कमलेश कुमार की रेडीमेड और जूता चप्पल की दुकान है। रविवार रात लगभग 9 बजे दुकान से अचानक धुआं उठने लगा।
ये देख पड़ोसी दुकानदार राजन सेंगर ने तत्काल इसकी जानकारी मकान मालिक सतीश चंद्र शुक्ला को दी। आग लगती देख शोरगुल शुरू हो गया। मौके पर पहुंचे आसपास के लोगों ने दुकान का ताला तोड़कर शटर उठाया।
दुकानदार चंद्रशेखर को इसकी सूचना दी। लोगों ने बाल्टियों से पानी डालकर कड़ी मशक्कत के बाद आग बुझाई। इस बीच दुकान में रखे जूते चप्पल, कपड़े, मकान मालिक का स्कूटर और फर्नीचर समेत करीब दो लाख का सामान राख हो गया। आग लगने का कारण पता नहीं चल सका है। पीड़ित की तहरीर पर थाना पुलिस ने की जांच शुरू कर दी है।