औरैया। नगर पंचायत बाबरपुर अजीतमल में सड़कों की सूरत बदलेगी। यहां के बाशिंदों को आवागमन की बेहतर सुविधाएं देने के लिए सीसी सड़कें बनेंगी, इंटरलॉकिंग कार्य भी कराए जाएंगे। नगर पंचायत ने चयनित मोहल्लों में निर्माण के लिए तैयारी शुरू कर दी है।
गांवों से लोगों का कस्बाई इलाकों की ओर लगातार रुख बढ़ रहा है। ऐसे में ग्रामीण अंचलों के लिए कस्बों में आशियाना बनाने में जुटे हैं। लेकिन वहां पर नगर पंचायत की बुनियादी सुविधाएं नाकाफी हैं। खासकर नवविकसित मोहल्लों में हालात और भी बदतर हैं। सड़क, जलनिकासी के अभाव में लोगों को परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं।
यह देखकर नगर पंचायत ने मोहल्लों में खस्ताहाल सड़कों को दुरुस्त कराने का फैसला लिया। बाद में सड़क निर्माण कराने की कार्ययोजना तैयार की, इनमें विभिन्न मोहल्लों में 19 सड़कें शामिल हैं। कार्ययोजना के मुताबिक चयनित मोहल्लों में सीसी सड़कों का निर्माण कराया जाएगा। साथ ही इंटरलॉकिंग भी बिछाई जाएगी।
इस पर करीब 70 लाख रुपये वहन किए जाएंगे। इनके निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया अपनाई जा रही है। जल्द ही चयनित मोहल्लों में सीसी, इंटरलॉकिंग कार्य चालू हो जाएंगे।
बोले जिम्मेदार ...
कस्बा के बढ़े हुए दायरे को सड़क व नाली की सुविधा देने के लिए कार्ययोजना बनाई गई है। टेंडर प्रक्रिया अपनाते हुए जल्द ही चिह्नित मार्गों का काम कराया जाएगा।
-रामआसरे कमल, अधिशासी अभियंता