दिबियापुर (औरैया)। दिबियापुर विधायक एवं कृषि राज्य मंत्री लाखन सिंह राजपूत ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दिबियापुर को गोद लिया। उन्होंने संबंधित पत्र डीएम, सीएमओ एवं सीएचसी दिबियापुर अधीक्षक को भेजा है।
कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधायकों, मंत्रियों से अपने-अपने क्षेत्र के सीएचसी-पीएचसी को गोद लेकर इनमें व्यवस्थाएं सुदृढ़ करने के लिए निर्देश दिए थे। पिछले दिनों विभागीय बैठकों में व्यस्तता के चलते कृषि राज्यमंत्री एवं विधायक दिबियापुर ने क्षेत्र के किसी सीएचसी-पीएचसी को गोद नहीं लिया था।
अब दिबियापुर सीएचसी को गोद लेने का निर्णय लिया। कृषि राज्य मंत्री लाखन सिंह राजपूत ने रविवार को संबंधित पत्र डीएम, सीएमओ एवं दिबियापुर सीएचसी के अधीक्षक को भेजा है। राज्यमंत्री के पीआरओ प्रमोद राजपूत के अनुसार संबंधित पत्र भेजकर राज्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों से वार्ता भी कर ली है। बता दें कि तीन जून को अमर उजाला ने इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था।