औरैया। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए राहत भरी खबर है। औरैया शहर की तरह अब दिबियापुर कस्बा में भी मुख्यमंत्री अभ्युदय कोचिंग का संचालन शुरू होने जा रहा है। इसके लिए दिबियापुर स्थित वैदिक इंटर कॉलेज के हॉल का चयन कर लिया गया है। कोचिंग संचालन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए स्कूल प्रशासन से अनुबंध पत्र मांगा गया है। अक्तूबर माह से यहां नियमित कक्षाएं शुरू कर दी जाएंगी।
वर्तमान में जिले में केवल औरैया स्थित तिलक महाविद्यालय में ही अभ्युदय कोचिंग का संचालन किया जा रहा है। जहां करीब 300 अभ्यर्थी विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। इस केंद्र पर दिबियापुर और आसपास के क्षेत्रों से प्रतिदिन 50 से अधिक छात्रों को आवागमन करना पड़ता है। दिबियापुर में नया केंद्र खुलने से बिधूना, बेला, सहार, अछल्दा और फफूंद जैसे दूर-दराज इलाकों से आने वाले अभ्यर्थियों को काफी सहूलियत होगी और उनका समय व पैसा दोनों बचेगा। समाज कल्याण विभाग की ओर से संचालित इस योजना को दो कोचिंग सेंटर स्थापित हो जाने के बाद काफी कुछ विस्तार मिल जाने की उम्मीद जताई जा रही है। जिला समाज कल्याण अधिकारी रवींद्र कुमार शशि ने बताया कि सभी आवश्यक तैयारियां पूरी की जा रही हैं। अगले महीने से दिबियापुर केंद्र में पठन-पाठन का कार्य सुचारू रूप से शुरू कर दिया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्र के अभ्यर्थियों की औरैया तक भागदौड़ कम करने के लिए यह कदम उठाया जा रहा है।