औरैया। कोतवाली क्षेत्र के गांव भगवतीपुर में बृहस्पतिवार शाम पारिवारिक विवाद में एक युवक गंभीर रूप से झुलस गया। भाई से कहासुनी के बाद आक्रोशित युवक फंदे से लटक गया। परिजन ने उसे बचाया, इसके बाद संदिग्ध हालात में आग लगने से वह बुरी तरह झुलस गया।
झुलसे युवक श्रीकांत उर्फ टिल्लू सविता (30) को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। अस्पताल पहुंचे एसडीएम सदर और कोतवाल जितेंद्र तिवारी ने पीड़ित के बयान दर्ज किए। टिल्लू ने आरोप लगाया कि उसके भाई अनिरुद्ध ने मारपीट के बाद उस पर तेल डालकर आग लगाई। इससे वह 50 फीसदी से अधिक झुलस गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, भाई अनिरुद्ध का कहना है कि टिल्लू शराब के नशे में गाली-गलौज कर रहा था। डांटने पर उसने आवेश में आकर घर में आत्महत्या का प्रयास किया। परिजन द्वारा बचाए जाने पर उसने कट्टी में रखा पेट्रोल खुद पर उड़ेलकर आग लगा ली। पुलिस की प्राथमिक जांच में टिल्लू के नशे में होने की बात सामने आई है। कोतवाल जितेंद्र तिवारी ने बताया कि यह दो भाइयों के बीच विवाद का मामला है। अनिरुद्ध को फिलहाल हिरासत में लिया गया है और जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।