औरैया। शहर की पीएनबी शाखा में लगी डिपॉजिट मशीन में रुपये डालने के 40 दिन बाद भी खातेदार के खाते में न पहुंचने पर मंगलवार को शाखा में जमकर हंगामा किया। आक्रोश बढ़ता देख बैंक मैनेजर ने उपभोक्ता को समझा बुझाकर दस दिन में निस्तारण कराने का आश्वासन देकर मामला शांत कराया।
शहर के परिहार टोला स्थित पंजाब नेशनल बैंक में मंगलवार को जमकर हंगामा हुआ। मौके पर मौजूद उपभोक्ता शिवम गुप्ता ने बताया कि उसने 25 जनवरी को पंजाब नेशनल बैंक में रखी डिपॉजिट मशीन के माध्यम से सुबह 11:27 बजे 11 हजार पांच सौ रुपये जमा किए थे। लेकिन आज तक उसके खाते में उक्त रुपये नहीं पहुंचे। शिवम ने बताया कि इस संबंध में उसने कई बार बैंक मैनेजर निसार खान से भी संपर्क किया लेकिन कोई संतोष जनक उत्तर न देकर आजकल-आज कल कहकर उसे चलता किया जाता रहा।
एक माह बाद भी बैंक अधिकारी न तो उसे सही जवाब दे रहे हैं और न ही कोई कार्रवाई ही कर रहे हैं। बताया कि उसके पास रुपये जमा करने की रसीद भी है। फिर आखिर उसका रुपया गया तो गया कहां। बैंक मैनेजर निसार खान ने पीड़ित उपभोक्ता को दस दिन के भीतर समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया। उपभोक्ता ने चेतावनी देते हुए कहा कि दस दिन के अंदर उसकी समस्या निस्तारित न हुई तो वह इसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराएगा। वहीं बैंक मैनेजर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही समस्या को दूर कर दिया जाएगा।