अमर उजाला ब्यूरो
अजीतमल(औरैया)। अटसू कस्बे मेें हफ्ते भर में हुई चोरियों का खुलासा करने में पुलिस अभी तक नाकाम है। सोमवार को फिर से चोरी की घटना में जब व्यापारी आक्रोशित हुए और पुलिस चौकी पर कार्रवाई की मांग की तो पुलिस ने व्यापारियों के खिलाफ ही रिपोर्ट दर्ज कर दी। जिससे आक्रोशित तमाम व्यापारी मंगलवार को डीएम से मिले और रिपोर्ट वापस लेने के साथ ही चौकी पुलिस को हटाने व चोरियों के खुलासे की मांग की।
मंगलवार को करीब 50 से अधिक व्यापारियों ने अटसू चेयरमैन प्रतिनिधि विशंभर सिंह व पूर्व चेयरमैन स्वदेश पोरवाल व दाऊद अख्तर के नेतृत्व में तहसील अजीतमल पहुंचकर डीएम को ज्ञापन सौंपा। दिए गए ज्ञापन में बताया कि पुलिस एक तो लगातार हो रही चोरियों के खुलासे में विफल हो रही है। वहीं जब सोमवार को फिर से चोरी हुई तो उन लोगों ने आक्रोश जताया तो उन पर ही मुकदमा लिख दिया गया। बताया कि पुलिस की निष्क्रियता से कस्बे का व्यापारी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है। डीएम श्रीकांत मिश्रा ने एसडीएम व सीओ को मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। कहा कि किसी व्यापारी को परेशान नहीं होने दिया जाएगा। इस दौरान प्रभाकर कुशवाहा, टिल्लू, प्रबल प्रताप सिंह राजपूत, डा. देवी सिंह , सत्यप्रकाश पोरवाल , मनीष राजपूत, महेश यादव आदि मौजूद रहे।
- अटसू चौकी पुलिस को हटाने की मांग
- चोरी की बढ़ रही घटनाओं के खुलासे को लेकर व्यापारी एकजुट
- व्यपारियों पर लिखी रिपोर्ट भी वापस लेने की मांग
फोटो-06एयूआरपी05-डीएम को ज्ञापन देने जाते व्यापारी