औरैया। मोहल्ला नारायनपुर में रविवार शाम एक युवक ने सरेराह हवाई फायरिंग कर दी। फायरिंग की आवाज से इलाके में अफरातफरी मच गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से भाग गया। कोतवाली पुलिस ने जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
पुलिस की प्राथमिक जांच में मामला करीब दो महीने पुराने एक सड़क हादसे से जुड़ा पाया गया है। बताया जा रहा है कि दो माह पहले दोनों पक्षों के बीच एक सड़क सड़क हादसा हुआ था। उस दौरान आपसी सहमति से यह समझौता हुआ था कि आरोपी पक्ष घायल का उपचार कराएगा और क्षतिग्रस्त वाहन की मरम्मत का खर्च उठाएगा।
आरोप है कि समझौता होने के बावजूद आरोपी ने न तो घायल का इलाज कराया और न ही गाड़ी ठीक कराई। इसी बात को लेकर रविवार शाम करीब छह बजे आरोपी मोहल्ले में पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। विवाद बढ़ने पर उसने तमंचा निकालकर हवाई फायरिंग कर दी।
कोतवाली पुलिस आसपास के घरों और दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस आरोपी की पहचान जुटी है। कोतवाल राजकुमार सिंह ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। जल्द आरोपी को पकड़ कर कार्रवाई की जाएगी।