जनता की सुविधा के लिए थाना-कोतवाली में लगने वाले सेवा प्रकोष्ठों में आने वाली शिकायतों का हर हाल में पांच दिन में निस्तारण हो अन्यथा संबंधित थानेदार के विरुद्ध कार्रवाई होगी।
वहीं पासपोर्ट, शस्त्र लाइसेंस व एनओसी समयबद्ध तरीके से बनाए जाएं। जन शिकायतों का निस्तारण निर्धारित अवधि में होना चाहिए। उक्त निर्देश एडीजी (पुलिस आवास) एकेडी द्विवेदी ने पुलिस लाइन में अधिकारियों को दिए।
जन शिकायतों के निस्तारण एवं नागरिक सुविधाओं की व्यवस्था परखने आए एडीजी द्विवेदी ने कहा कि समाधान दिवस, आइना दिवस, पहल दिवस, तहसील दिवस में आई शिकायतें पांच दिन में निपटाई जाएं।
उन्होंने जनता की शिकायतों के निस्तारण के बारे में जानकारी लेते हुए समस्याओं का समयबद्ध तरीके से निस्तारण किए जाने के निर्देश दिए। इसके अलावा स्थातांरित होकर आए सिपाही व दरोगाओं की समीक्षा की।
कहा कि थानों में आने वाले पुलिस वेरीफिकेशन जैसे पासपोर्ट, शस्त्र लाइसेंस व फायर बिग्रेड की एनओसी बनवाए जाने के लिए जनता को महीनों इंतजार करना पड़ता है। अब ऐसी कार्य प्रणाली बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पुलिस लाइन में समीक्षा के बाद एडीजी पुलिस आवास निगम श्री द्विवेदी ने अजीतमल थाने में निर्माणाधीन बैरक का निरीक्षण किया। कार्य में देरी को देख उनका पारा चढ़ गया। उन्होंने कार्यदायी संस्था के ठेकेदार को फटकार लगाते हुए जल्द ही कार्य पूरा कराए जाने के निर्देश दिए।
इस मौके पर एसपी मनोज तिवारी, एएसपी विपुल कुमार श्रीवास्तव, सीओ सदर शिवराज सिंह व आरआई विनोद शुक्ला मौजूद रहे।