औरैया। यमुना तट पर सुंदरीकरण का कार्य सोमवार को विधायक निधि से शुरू हो गया। सदर विधायक रमेश दिवाकर ने पूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने ठेकेदार को निर्देश दिए कि मानक का विशेष ध्यान रखा जाए। इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही संस्था के पदाधिकारियों से निर्माण कार्य के संबंध में जानकारी की।
समाजसेवी संस्था एक विचित्र पहल सेवा समिति के पदाधिकारी यमुना तट के सुंदरीकरण के प्रयास में जुटे हैं। समिति के प्रयास से सदर विधायक की निधि से 15 लाख रुपये की लागत से वाहनों की पार्किंग के लिए इंटरलॉकिंग सड़क, स्नान कुंड, स्नान चबूतरा, क्षतिग्रस्त पुलिया, यमुना तट पर लोगों की प्यास बुझा रहे प्राकृतिक स्रोत से यमुना नदी तक लंबी नाली का निर्माण आदि का निर्माण शुरू कराया गया।
संस्था के संस्थापक आनंद नाथ गुप्ता ने बताया कि राष्ट्रीय कार्यक्रम स्वच्छता अभियान के तहत संस्था के सदस्यों द्वारा यमुना तट पर रविवार सुबह दो घंटे सफाई अभियान चलाया जा रहा है। वहीं, विधायक सदर ने कहा कि क्षेत्र की जनता को विभिन्न सुविधाएं मुहैया कराने के लिए लगातार प्रदेश सरकार के मुखिया से वार्ता की जा रही है। जल्द ही क्षेत्रवासियों को अन्य सुविधाओं का भी लाभ मिलेगा। इस दौरान सभासद छैया त्रिपाठी के अलावा आनंद गुप्ता, सरदार गुरमीत सिंह, कपिल गुप्ता, शशि गुप्ता, अर्पित दुबे, रानू पोरवाल, गोपाल गुप्ता, अभिषेक गोयल व शिवम गुप्ता आदि मौजूद रहे।