औरैया। सदर कोतवाली क्षेत्र के पुर्वा रहट गांव में रविवार की शाम बाइक की टक्कर से वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर पहुंचे परिजनों ने 50 शय्या जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। उधर, हादसे के बाद बाइक समेत चालक भाग गया। पुलिस बाइक सवार की तलाश कर रही है।
गांव पुर्वा रहट निवासी प्रताप सिंह (70) रविवार की शाम लगभग 5:40 बजे गांव के चौराहे पर सड़क के किनारे साइकिल लेकर अपने नाती ओम सिंह राजपूत के आने का इंतजार कर रहे थे। इसी बीच कानपुर की ओर से तेज रफ्तार से आ रही बाइक ने टक्कर मार दी। वृद्ध साइकिल समेत सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
वहां मौजूद लोगों ने वृद्ध के परिजनों को सूचना दी। परिजनों ने वृद्ध को तत्काल 50 शय्या जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। उधर, मृतक के नाती की तहरीर पर बाइक के अज्ञात चालक के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर बाइक व उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है।