औरैया। धान खरीद को लेकर अधिकारी सख्त हैं। सोमवार को एसडीएम और डिप्टी आरएमओ ने खरीद केंद्रों का निरीक्षण किया। आरएमओ ने अपने सामने किसान के धान की तौल कराई।
उपजिलाधिकारी सदर रमेश चंद्र यादव, डिप्टी आरएमओ सुधांशु शेखर चौबे ने शहर के गल्ला मंडी स्थित फार्मर प्रोड्यूसर केंद्र व खाद्य विभाग के केंद्र का औचक निरीक्षण किया। एसडीएम ने कहा कि धान खरीद में अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एसडीएम ने किसानों से बातचीत की। सही जानकारी न दिए जाने पर फटकार लगाई। केंद्र प्रभारी अपर्णा अवस्थी ने बताया कि रजिस्ट्रेशन के आधार पर किसानों को टोकन दिए जा रहे हैं और उन्हें एक समय निर्धारित किया जा रहा है।
वहीं, डिप्टी आरएमओ सुधांशु शेखर के निरीक्षण के दौरान शाम करीब तीन बजे कंचौसी क्षेत्र के एक गांव के किसान अमर सिंह बिना रजिस्ट्रेशन 20 क्विंटल धान लेकर पहुंचे। रजिस्ट्रेशन के संबंध में किसान ने अनभिज्ञता जाहिर की। इस पर डिप्टी आरएमओ ने मौके पर सभी आवश्यक अभिलेख मंगवाकर किसान का पंजीकरण कराया और मौके पर धान तुलवाया गया।