औरैया। पुलिस महानिरीक्षक कानपुर मोहित अग्रवाल ने सोमवार की शाम कोतवाली का निरीक्षण किया। उन्होंने त्योहार के चलते पुलिस को अलर्ट रहने और समय-समय पर वाहन चेकिंग के निर्देश दिए। इससे पहले उन्होंने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इसमें एक महीने में हुई आपराधिक घटनाओं की कार्य समीक्षा की गई। साथ ही त्योहारों को देखते हुए गश्त, चेकिंग तेज करने के निर्देश दिए। पटाखों के अवैध भंडारण पर रोक लगाने को कहा।
उन्होंने कहा कि निर्धारित समय के अंदर सभी विवेचनाएं पूर्ण कर ली जाएं। 15 दिन पहले अजीतमल कोतवाली क्षेत्र में बालिका के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या की घटना का एक सप्ताह के अंदर राजफाश किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी थाना निरीक्षकों को निर्देश दिए कि धनतेरस व दीपावली पवा़ पर सभी थानों की पुलिस दिन-रात चेकिंग अभियान चलाए। किसी भी सूरत में अवैध शराब की ब्रिकी व पटाखा का भंडारण न होने दिया जाए। ऐसा कोराबार करने वालों की सूची तैयार कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि कार्य के प्रति लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस मौके पर एसपी सुनीति, सीओ सिटी सुरेंद्रनाथ के अलावा अन्य अधिकारी मौजूद रहे।