औरैया। ब्लॉक सहार की ग्राम पंचायत हरपुरा में मंगलवार को पांच सफाई कर्मचारियों में दो बिना बताए अनुपस्थित मिले, जबकि तीन मौके पर काम संतोषजनक काम करते नहीं पाए गए। जिस पर डीपीआरओ ने नाराजगी व्यक्त की। अनुुपस्थित दो सफाई कर्मियों को नोटिस देकर स्पष्टीकरण देने, तीन सफाई कर्मियों का एक दिन का वेतन काटने तथा पंचायत सचिव को जवाब तलब करने के निर्देश दिए।
कोविड-19 में के मद्देनजर न्याय पंचायत स्तर पर साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर प्रशासन एलर्ट मोड पर है। न्याय पंचायत स्तर पर गांव वार सप्ताह में एक दिन चिह्नित कर साफ-सफाई का अभियान चलाया जा रहा है। इस बाबत सफाई कर्मियों को कड़े निर्देश दिए गए हैं, लेकिन ग्रामीणों की मिल रही शिकायतों के मद्देनजर सोमवार को डीपीआरओ अष्ट कुमार त्रिपाठी व एडीपीआरओ राजेश चौरसिया ने ग्राम पंचायत हरपुरा में चलाए जा रहे सफाई अभियान का स्थलीाय निरीक्षण किया तो यहां पर सफाई कर्मचारी चंद्रभान व सुशील कुमार अनुपस्थित मिले। जबकि नीतेश कुमार, दया प्रसाद, गीता देवी का सफाई कार्य असंतोषजनक पाया गया।
जिस पर डीपीआरओ ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने अनुपस्थित सफाई कर्मियों को नोटिस देकर स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए। कहा कि संतोषजनक जवाब न मिलने पर इनके खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की जाएगी। साफ-सफाई व्यवस्था में रुचि न लेने वाले तीनों सफाई कर्मियों का एक दिन का वेतन काटने का निर्देश दिए। जबकि पंचायत सचिव से जवाब तलब करने का नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। डीपीआरओ ने सफाई कर्मियों को हिदायत दी कि सफाई व्यवस्था में कोताही बर्दाश्त नहीं होगी।