औरैया। दूसरे राज्यों में फंसे श्रमिकों को उनके घर लाने के शासन के फैसले के मद्देनजर शुक्रवार को डीएम व एसपी ने अनंतराम टोल प्लाजा पहुंचकर निरीक्षण किया। डीएम ने बताया कि शुक्रवार की रात राजस्थान से 120 श्रमिक जिले में आने वाले हैं।
डीएम अभिषेक सिंह ने प्रभारी अधिकारी खनन निरीक्षक मनोज कुमार को निर्देश दिए कि जो लोग अन्य राज्यों से आए उनका ब्योरा रजिस्टर में दर्ज किया जाए। साथ ही स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा उनका स्वास्थ्य परीक्षण कराकर तहसील में बने क्वारंटीन सेंटर भेजा जाए।
डीएम अभिषेक सिंह ने शहर के गोविंद नगर की कन्हैया लाल की उचित दर की दुकान का निरीक्षण किया। राशन वितरण के संबंध में कोटेदार से जानकारी ली। उिन्होंने कोटेदार को निर्देश दिए कि राशन वितरण के दौरान भीड़ एकत्र न हो।
लोगों के बीच सोशल डिस्टेंस बनाए रखा जाए। कार्ड धारकों के हाथ साबुन से धुलवाकर कर ही ई पॉस मशीन पर अंगूठा लगवाया जाए। डीएम ने शहर के जालौन चौराहा स्थित ईशा वाटिका गेस्ट हाउस पहुंचकर क्वारंटीन किए गए व्यक्तियों का हालचाल जाना। अपर पुलिस अधीक्षक कमलेश दीक्षित को निर्देश दिए कि जो लोग अन्य राज्यों से आएं उन्हें एक साथ एकत्र न होने दिया जाए। सोशल डिस्टेंस का पालन कराया जाए।