औरैया। खानपुर कस्बे में रेडजोन की अवधि बढ़ाने के साथ ही सख्ती भी बढ़ा दी गई है। कस्बे के लोगों को घरों से न निकलने की हिदायत दी गई है। गुुरुवार को एसपी सुनीति ने फोर्स के साथ कस्बे का भ्रमण कर सीमाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान लोगों को चेताया कि घरों से बाहर निकलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, शहर के अन्य इलाकों में भी भ्रमण कर मास्क लगाने और सोशल डिस्टेंस का पालन करने की अपील की।
खानपुर कस्बा स्थित कुरैशियान मस्जिद से 31 मार्च को तब्लीगी जमात के 13 लोग मिले थे। इनमें चार लोगों की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव मिलने पर कस्बे को रेडजोन घोषित कर तीन दिन के लिए सील कर दिया गया था। तीन दिन पूरा होने के बाद हालात नियंत्रण में न होने पर डीएम अभिषेक सिंह ने बुधवार को रोडजोन की अवधि हालात ठीक न होने तक बढ़ा दी है। डीएम ने बताया कि खानपुर हालात ठीक न होने तक रेडजोन घोषित रहेगा। इस दौरान कस्बे में घरों से निकलने की मनाही रहेगी।
उधर, गुरुवार को एसपी सुनीति ने फोर्स के खानपुर कस्बे में भ्रमण कर लोगों से कोरोना से बचाव के लिए घरों में रहने के लिए कहा। साथ ही चेतावनी भी दी कि घरों से बाहर निकलने और शासन का आदेश न मानने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। एसपी ने खानपुर की सभी सीमाओं का निरीक्षण किया। वहां तैनात पुलिस कर्मियों को सख्ती से नियमों का पालन कराने और ईमानदारी से ड्यूटी करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही शहर के अन्य इलाकों का भी भ्रमण कर लोगों को मास्क लगाकर निकलने और सोशल डिस्टेंस का पालन करने की हिदायत दी।