औरैया। लॉकडाउन के दौरान दिहाड़ी मजदूरों, श्रम विभाग में पंजीकृत श्रमिकों, मनरेगा मजदूरों और अंत्योदय कार्डधारकों के सामने भोजन की समस्या न खड़ी हो, इसके लिए बुधवार से निशुल्क राशन वितरण शुरू किया गया। राशन वितरण के दौरान आने वालों का हाथ धुलवाने व सैनिटाइज कराने के साथ सोशल डिस्टेंस बनाए रखने का निर्देश दिया गया था। शहरी क्षेत्र में सख्ती के चलते नियमों का पालन हुआ, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में अनदेखी की गई।
राशन के लिए भीड़ उमड़ने पर डीलरों के यहां पहुंचे पुलिसकर्मियों ने सोशल डिस्टेंस का पालन न करने वालों पर लाठियां भांजी। वहीं, राशन वितरण के दौरान सर्वर ठप होने से किराना मार्केट में दो कोटा डीलरों के यहां वितरण कार्य प्रभावित हुआ। इससे लोगों को परेशानी हुई। मालूम हो कि जिले में 2.15 लाख राशन कार्ड धारक हैं, इन्हें 619 कोटा डीलरों के माध्यम से खाद्यान्न वितरण किया जाना है।
शहर से सटे गांव जैतापुर स्थित कोटा डीलर के यहां सुबह से लेकर दोपहर तक खूब भीड़ रही। दोपहर 12:16 बजे यहां एक भी पुलिस कर्मी नजर नहीं आया। सोशल डिस्टेंस का पालन होते भी नहीं दिखा। कार्डधारक कैलाश यादव ने बताया कि डिटॉल तो डीलर ने सामने रखा था, लेकिन किसी के हाथ नहीं धुलवाए गए।
औरैया शहर के मोहल्ला नारायनपुर में सुरान रोड पर दिन में 11:30 बजे कोटा डीलर रामेश्वर दयाल गुप्ता के यहां राशन लेने आए लोग सोशल डिस्टेंस का पालन करते हुए वहां बने गोले में खड़े दिखाई दिए। कोटा डीलर ने बताया कि अंत्योदय के 19 और अन्य 81 कार्ड धारकों को खाद्यान्न वितरण किया गया। सोशल डिस्टेंस का पालन करने के लिए काफी मशक्कत करनीं पड़ी। यहां भी पुलिसकर्मी नहीं दिखे। हालांकि कोटा डीलर का कहना है कि पुलिस कर्मी चक्कर लगाते रहते हैं।
फूलमती मंदिर के पास मार्केट में स्थित कोटा डीलर की दुकान पर दोपहर 1:20 बजे राशन पाने वालों की काफी भीड़ देखने को मिली। यहां लोग दुकान के बाहर बने गोले में खड़े होकर राशन लेते दिखे। एक कर्मचारी लोगों के हाथ सैनिटाइज कराता नजर आया। कोटा डीलर कमलकांत ने बताया कि 70 लोगों को राशन वितरण किया गया। सुरक्षा के संबंध में बताया कि पुलिसकर्मी सोशल डिस्टेंस का पालन करा रहे।
किराना मार्केट में दो कोटा डीलर राकेश कुमार शुक्ला और राजेश कुमार ने दोपहर के समय नेटवर्क की समस्या बताते हुए राशन वितरण न होने की जानकारी दी। बताया कि 32 और 35 लोगों को राशन बांटा गया। इसके बाद सर्वर ठप है। यहां सोशल डिस्टेंस नहीं देखने को मिला। कोटा डीलर राजेश कुमार ने बताया कि न तो यहां पुलिस कर्मी तैनात हैं और न ही यहां कोई अधिकारी आया। बताया कि ई-पास मशीन के कागज भी उन्हें अपनी जेब से रुपये खर्च कर खरीदना पड़ा हैं।