औरैया। डीएम अभिषेक सिंह ने मंगलवार को कलक्ट्रेट स्थित कोरोना कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। इस दौरान नोडल अधिकारी ने बताया कि अभी कंट्रोल रूम में 140 शिकायतें आई हैं, सभी का निस्तारण किया गया है।
निरीक्षण के दौरान कंट्रोल रूम के बाहर कुछ लोगों को खड़ा देख डीएम ने कंट्रोल रूम के नोडल अधिकारी डिप्टी कलेक्टर रमापति से जानकारी ली। नोडल अधिकारी ने बताया कि यह लोग आवश्यक कार्य के लिए पास बनवाने के लिए आए हैं। डीएम ने नोडल अधिकारी को निर्देश दिया कि जो लोग पास संबंधी कार्य के लिए कंट्रोल रूम आ रहे हैं, उन्हें बताया जाए कि उन्हें यहां आने की आवश्यकता नहीं है। अब वह घर बैठे ही ऑनलाइन आवेदन कर ई पास प्राप्त कर सकते हैं।
साथ ही नोडल अधिकारी को निर्देश दिया कि कंट्रोल रूम पर आने वाली प्रत्येक शिकायत अथवा समस्या को गंभीरता से सुनकर उसका निस्तारण किया जाए। लॉकडाउन के दौरान किसी भी प्रकार की कोई लापरवाही न बरती जाए। अपर जिला अधिकारी रेखा एस चौहान को निर्देश दिए कि वह समय-समय पर कंट्रोल रूम का निरीक्षण करती रहें।