फोटो-18 बस की जांच करते एआरटीओ। स्रोत:कर्मचारी
औरैया। शहर सहित हाईवे पर सोमवार रात वाहन चेकिंग के दौरान बिना टैक्स और फिटनेस के सड़कों पर दौड़ रहे वाहनों पर कार्रवाई की गई।
बिना टैक्स व इंश्योरेंस वाले लोडर समेत एक बस को सीज कर दिया गया जबकि कई बसों का चालान कर जुर्माना वसूला गया। इसके अलावा बसों की जांच के दौरान यात्रियों के हंगामे को देख अधिकारी ने चालान कर जाने दिया। अब इन बसों को ब्लैक लिस्ट करने की तैयारी की जा रही है।
एआरटीओ एनसी शर्मा ने बताया कि चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध लोडर को रोका गया। जांच में सामने आया कि लोडर का जुलाई 2024 से टैक्स बकाया था और उसकी फिटनेस व इंश्योरेंस की अवधि भी समाप्त हो चुकी थी। नियमों की धज्जियां उड़ाने पर लोडर को सीज कर दिया गया।
रात में अनाधिकृत रूप से संचालित हो रहीं 10 बसों को रोक कर चेकिंग की गई। इस दौरान यात्रियों ने कार्रवाई का विरोध करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। यात्रियों के आक्रोश को देखते हुए अधिकारियों ने मौके पर ही सात बसों से 2.70 लाख रुपये का ऑनलाइन टैक्स व जुर्माना जमा कराकर उन्हें रवाना कर दिया।
वहीं, दो बस संचालकों ने ऑनलाइन जुर्माना भरने से साफ इन्कार कर दिया। यात्रियों के विरोध को देखते हुए अधिकारियों ने फिलहाल उनका चालान काट दिया है। नियमों की अनदेखी करने वाली इन दोनों बसों को मंगलवार को ब्लैक लिस्ट करने की तैयारी शुरू कर दी गई, जिससे वे हर हाल में चालान का भुगतान करने को मजबूर हों। एआरटीओ ने बताया कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा, जिससे नियमों का पालन हो सके।