अधीक्षण अभियंता केबी गुप्ता, एक्सईएन पंकज शर्मा से वार्ता करते व्यापारी नेता अनूप गुप्ता व ब्रजेंद्र गुप्ता साथ में पीड़ित उपभोक्ता व अन्य व्यापारीगण
- फोटो : amar ujala beuro
बिजली विभाग की ओर से चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान अधिकारियों ने इंडियन ऑयल चौकी के पास शबनम बर्फ फैक्ट्री पर छापा मारा। यहां मीटर की सील टूटी पाए जाने पर संबंधित उपभोक्ता के खिलाफ एफआईआर की कार्रवाई की गई है। वहीं उपभोक्ता का कहना है कि एक्सईएन ने पांच लाख रुपये की मांग की थी। मना करने पर जानबूझकर उनको फंसाया जा रहा है।
बिजली अधिकारियों ने सोमवार रात हाईवे स्थित शबनम बर्फ फैक्ट्री पर छापा मारा। मौके पर मौजूद एक्सईएन पंकज शर्मा व एक्सईएन मीटर राजीव कुमार ने टीम के साथ फैक्ट्री में लगे बिजली मीटर को चेक किया। मामले में एक्सईएन पंकज शर्मा ने बताया गया कि मीटर की जांच के दौरान सील टूटी पाई गई। वहीं मीटर बाक्स का ताला भी टूटा मिला है। बिजली चोरी की धाराओं में उपभोक्ता के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई की गई है।
मामले में फैक्ट्री संचालक मोहम्मद सत्तार ने बताया कि सोमवार रात बिजली अधिकारियों ने मीटर चेक किया। उन्होंने खुद मीटर की सील और ताला तोड़ दिया। इसके बाद एक्सईएन पंकज शर्मा ने मामला निपटाने के लिए पांच लाख रुपये की मांग की। मांग पूरी न करने पर उसको फंसाए जाने का काम किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि अगर बिजली अधिकारियों को लगता है कि मीटर से बिजली चोरी की जा रही है तो वह जांच कराने को तैयार हैं। मामले को लेकर अधीक्षण अभियंता कार्यालय पहुंचे व्यापारी नेता ब्रजेंद्र गुप्ता और सपा व्यापार मंडल प्रकोष्ठ के पदाधिकारी अनूप गुप्ता ने बिजली अधिकारियों को चेतावनी दी। कहा कि वह बेवजह व्यापारियाें का उत्पीड़न न करें अन्यथा की सूरत में उनके खिलाफ आंदोलन किया जाएगा। वहीं मामले में एक्सईएन पंकज शर्मा ने बताया कि उनके ऊपर लगाया गया आरोप निराधार है। बर्फ फैक्ट्री की चेकिंग के दौरान अधिकारी और कर्मचारी मिलाकर लगभग एक दर्जन लोग थे। उपभोक्ता की चोरी पकड़े जाने पर झूठा आरोप लगाया जा रहा है।