असेनी सबस्टेशन पर मंगलवार को बीसीबी मशीनों के बदले जाने की प्रक्रिया के चलते पांच फीडरों से जुडे़ लगभग 300 गांवों की बिजली बंद रही। अवर अभियंता राजेश कुमार के अनुसार देर शाम तक मशीनें बदल ली जाएंगी। बुधवार को टेस्टिंग कराके जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति शुरू करा दी जाएगी। तीन सैकड़ा गंावों में बिजली न आने से गर्मी में हाहाकार मच गया।
132 केवी असेनी बिजली सबस्टेशन में 33 केवी विश्वबैंक संख्या एक, विश्वबैंक संख्या दो, हरचंदपुर, नौगवां, बेला फीडरों को बिजली आपूर्ति करने वाली मशीनें पुरानी एवं जर्जर हो चुकी हैं। मशीनों को बदले जाने की प्रक्रिया मंगलवार सुबह शुरू कर दी गई। अवर अभियंता राजेश कुमार के अनुसार मंगलवार शाम तक मशीनों को बदले जाने की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। बुधवार सुबह टेस्टिंग टीम आकर मशीनों की जांच करेगी।
इसके बाद फीडरों की बिजली चालू की जाएगी। अवर अभियंता राजेश कुमार के अनुसार मशीनों के जर्जर हो जाने के कारण कहीं भी फाल्ट होने पर उपकेंद्र पर मशीन ट्रिप नहीं होती है। इससे कई बार उपकेंद्र के अंदर और बाहर हादसे होते रहते थे। इन्हीं हादसों से बचने के लिए काफी समय से मशीनों का बदला जाना प्रस्तावित था। मंगलवार से मशीनों को बदलने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। बताया कि मशीनों को बदले जाने से इनसे संबंध लगभग तीन सौ गांवों की बिजली आपूर्ति पूरी तरह से बंद रही।