औरैया। कोतवाली पुलिस ने घर में घुसकर दुष्कर्म करने व तमंचे के बल पर अश्लील वीडियो बनाने के आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
कोतवाली क्षेत्र के एक ग्राम निवासिनी किशोरी ने 17 दिसंबर को ग्राम चिरूहूली निवासी अनुज कुमार पुत्र गोविंद सिंह के खिलाफ घर में घुसकर दुष्कर्म करने व तमंचे के बल पर अश्लील वीडियो बनाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। तहरीर में पीड़िता ने बताया था कि वह अपनी मौसी के घर पर पिछले तीन सालों से रहकर पढ़ाई कर रही है। नौ दिसंबर को उसकी मौसी इटावा जिले के बकेवर थाना क्षेत्र में मौसा के निधन होने की सूचना पर गई हुईं थी। तभी उक्त युवक ने रात में पड़ोसी की छत से उसके घर की छत पर पहुंचकर छत के रास्ते घर में उतर आया था।
जहां उसे अकेला पाकर युवक ने उसको दबोच लिया और दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। यही नहीं इसके बाद उक्त युवक ने तमंचे के बल पर उसका अश्लील वीडियो भी बनाया। इस प्रकरण में कोतवाली पुलिस ने गुरुवार को युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस संबंध में जांच अधिकारी एसआई पान सिंह ने बताया कि तहरीर में पीड़िता द्वारा तमंचा के बल पर अश्लील वीडियो बनाने के मामले में अभी विवेचना की जा रही है।